पूर्णिया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चांदी कठुआ बंगाली टोला के समीप जोगिया पोखर के पास संदिग्ध अवस्था में मछली कारोबारी की लाश मिलने का मामला प्रकाश में आया है। कुछ ही दूरी पर कारोबारी की बाइक भी बरामद की गई है। मृतक मछली कारोबारी की पहचान पैका गोला गांव निवासी 42 वर्षीय मंगल महलदार के रूप में की गई है। घटना के संबंध में मृतक की पत्नी रजनी देवी ने बताया कि उनके पति शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे घर से मछली लेकर तीरगामा गांव मिथिलेश कुमार नामक व्यक्ति के पास जाने के लिए गई थे। देर रात हो जाने के बाद भी जब वे वापस नहीं लौटे, तो उन्होंने फोन किया।
मगर फोन बंद आ रहा था। उसके बाद काफी खोजबीन भी की गई मगर उनका कहीं कुछ पता नहीं चला। शनिवार सुबह मालूम हुआ की पोखर में एक लाश मिली है। जिसके बाद वे पोखर के पास पहुंचे। कपड़े से शव की पहचान की गई शरीर पर कई जख्म के निशान थे। बाइक भी पोखर किनारे मिला है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। परिजनों ने कहा कि मंगल महलदार को किसी ने हत्या कर शव को पोखर में फेक दिया है। वहीं घटना की सूचना पर मुफस्सिल थानाध्यक्ष बृजेश कुमार, एएसआई रमेश पासवान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।